रांची,18फरवरी(वार्ता) झारखंड विधानसभा का बजट सत्र बुधवार से शुरू हो गया। बजट सत्र की शुरुआत पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने अपने संबोधन में वर्ष 2026 के प्रथम सत्र में सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए राज्य की सुख-समृद्धि और लोक कल्याण की कामना की। उन्होंने उन साथियों को भी श्रद्धांजलि दी जो अब हमारे बीच नहीं रहे।
राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में कहा कि सरकार ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक परंपराओं और आपसी भाईचारे को मजबूत किया है। जाति और धर्म के भेदभाव से ऊपर उठकर राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए एक ईमानदार प्रयास किया गया है। सरकार ने 'कानून का शासन' स्थापित करने को अपनी प्राथमिकता बताया है। उन्होंने कहा कि उग्रवादी तत्वों और अपराधियों पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2025 में साइबर अपराध के 1413 मामलों में 138 गिरफ्तारियां हुईं। हेल्पलाइन नंबर 1930 के जरिए 111 करोड़ की राशि ब्लॉक की गई और पीड़ितों को 12 करोड़ वापस दिलाए गए। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2025 में 54 लोक सेवकों को गिरफ्तार किया गया।
राज्यपाल ने कहा कि अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे कर झारखंड अब एक युवा और ऊर्जावान राज्य के रूप में उभर रहा है। दावोस में झारखंड ने पहली बार वैश्विक मंच पर अपनी नीतियों और निवेश की संभावनाओं को साझा किया। यहां ग्रीन एनर्जी, पर्यटन और उच्च शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया। : दावोस के बाद लंदन में उच्च स्तरीय बैठकें हुईं, जहां डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और जयपाल सिंह मुंडा जैसी महान विभूतियों के ऐतिहासिक संदर्भों के साथ राज्य की छवि को मजबूती मिली।
राज्यपाल ने झारखंड की प्रगति का विवरण देते हुए बताया कि सरकार व्यावसायिक सुगमता के लिए झारखंड एमएसएमई स्पेशल प्रोविजन एक्ट 2025 लागू कर चुकी है। इसका उद्देश्य "सिंगल विंडो सिस्टम" के माध्यम से कंप्लायंस के बोझ को कम करना है। युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए राज्य सरकार ने कई ठोस कदम उठाए हैं। 229 भर्ती कैंपों और 85 रोजगार मेलों के माध्यम से 12,576 युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाया गया है। बेरोजगार युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग और मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई है। अन्य राज्यों में काम करने वाले झारखंड के श्रमिकों के लिए 7 राज्यों में सहायता केंद्र खोले गए हैं, जो उन्हें कानूनी, वित्तीय और अन्य जरूरी मदद प्रदान कर रहे हैं। इस क्षेत्र से जुड़े नागरिकों को आधुनिक प्रशिक्षण देकर रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं।
राज्यपाल ने कहा कि राज्य की तस्वीर बदलने के लिए बुनियादी ढांचे पर भारी निवेश किया जा रहा है। राजधानी रांची में सिरमटोली चौक से राजेंद्र चौक तक 356 करोड़ रुपये की लागत से 2.34 मीटर लंबे फ्लाईओवर का निर्माण सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना' के तहत इस वर्ष 1,644 किमी और सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत 5,400 किमी सड़कों का निर्माण और मरम्मत की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित