रांची , मई 09 -- झारखंड के भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शुभेंदु अधिकारी को बधाई दी है।
पश्चिम बंगाल में भाजपा के नेतृत्व में नई सरकार का गठन हो गया है। शुभेंदु अधिकारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सहित पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की गरिमामयी उपस्थिति में आज कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली है। यह पहला अवसर है जब बंगाल में भाजपा की सरकार बनी है। इससे झारखंड भाजपा में भी खासा उत्साह व्याप्त है। झारखंड के नेताओं ने मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को बधाई दी है।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि पश्चिम बंगाल की पावन धरती, जो डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जन्मभूमि है, वहाँ भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय और शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने पर समस्त कार्यकर्ताओं एवं बंगाल की जागरूक जनता को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएँ। यह विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व, राष्ट्रवाद, सुशासन और जनसेवा की राजनीति पर जनता के अटूट विश्वास की जीत है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि भाजपा की यह सरकार पश्चिम बंगाल को विकास, सुशासन और सुरक्षा के नए शिखर पर ले जाएगी तथा राज्य में शांति, समृद्धि और प्रगति का नया अध्याय लिखेगी।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर शुभेंदु अधिकारी को बधाई एवं शुभकामना देते हुए उनके सफल, जनकल्याणकारी और विकासोन्मुख कार्यकाल की कामना की है। उन्होंने कहा है कि हमें विश्वास है कि आपके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल सुशासन, सुरक्षा, निवेश, रोजगार और सांस्कृतिक गौरव के नए युग की ओर अग्रसर होगा। स्वामी विवेकानंद, चैतन्य महाप्रभु, नेताजी सुभाषचंद्र बोस और गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की पावन धरती पश्चिम बंगाल ने सदैव राष्ट्र को नई दिशा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और आपके नेतृत्व में बंगाल विकास, राष्ट्रवाद, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और घुसपैठ-मुक्त सुरक्षित भविष्य की ओर मजबूत कदम बढ़ाएगा।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल की पावन धरती, जो डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की जन्मभूमि है, वहाँ भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय और शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने पर मेरी तरफ से बधाई एवं शुभकामना है। यह विजय नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, राष्ट्रवाद और जनसेवा की राजनीति पर जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है।
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चंपई सोरेन, मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, संजय सेठ, दीपक प्रकाश, पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा, आभा महतो, बालमुकुंद सहाय,डॉ. प्रदीप वर्मा,भानु प्रताप शाही,सुनील सोरेन, मुनेश्वर साहू एवं गीता कोड़ा, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ,अमर कुमार बाउरी एवं मनोज सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी बधाई दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित