हजारीबाग , दिसंबर 11 -- झारखंड के हजारीबाग में एनआईए की टीम ने गुरुवार सुबह एक बार फिर में कार्रवाई की है।
हजारीबाग जिले के पेलावल थाना क्षेत्र के एक घर पर अचानक पहुंची टीम ने घर के सदस्यों से पूछताछ शुरू कर दी। टीम तीन वाहनों में पहुंची थी और सुरक्षा के मद्देनज़र अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने आज बताया कि यह छापेमारी संदिग्ध आतंकी शाहनवाज आलम से जुड़े इनपुट्स के आधार पर की जा रही है। शाहनवाज को वर्ष 2023 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया था। वह पुणे आईएसआईएस मॉड्यूल मामले में वांछित था और झारखंड के हजारीबाग का मूल निवासी है।
शाहनवाज इससे पहले 2019 में हजारीबाग में डकैती और चोरी के कई मामलों में भी गिरफ्तार हो चुका था। लगभग 8-9 महीने जेल में रहने के बाद उसे दिसंबर 2020 में जमानत मिल गई थी, जिसके बाद वह कथित तौर पर आईएसआईएस हैंडलर के संपर्क में आया।
एनआईए की टीम के साथ एटीएस की टीम भी मौके पर मौजूद है। पूछताछ के दौरान टीम घर के भीतर एक प्रिंटिंग मशीन भी ले गई है, जिससे अंदेशा है कि दस्तावेज़ या फोटो संबंधी कुछ अहम सबूत खोजे जा रहे हैं। छापेमारी पूरी तरह गोपनीय तरीके से की जा रही है और अधिकारी किसी भी तरह की जानकारी साझा करने से बचते नजर आए।
घर के अंदर मौजूद एक वृद्ध व्यक्ति से भी पूछताछ की जा रही है। टीम पूरे परिसर में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित