रांची , अप्रैल 19 -- झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी किनारे एक बार फिर संदिग्ध जिंदा बम बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया है।
सूचना मिलते ही भारतीय सेना की विशेष टीम मौके पर आज पहुंची और जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के पानीपड़ा नागुड़साई गांव में स्वर्णरेखा नदी किनारे ग्रामीणों ने पिछले तीन दिनों से एक भारी धातु जैसी संदिग्ध वस्तु देखी थी। आशंका जताई जा रही है कि यह द्वितीय विश्व युद्ध के समय का बम हो सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेना की विशेष टीम को बुलाया गया।
जांच कर रहे कैप्टन आयुष कुमार सिंह ने प्रारंभिक जांच के बाद बताया कि यह वस्तु करीब 227 किलोग्राम का जिंदा बम प्रतीत हो रही है और इसमें अभी भी विस्फोट की संभावना बनी हुई है। उन्होंने कहा कि बम के प्रकार, स्थिति और मारक क्षमता का विस्तृत अध्ययन किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट सैन्य मुख्यालय को भेजी जाएगी, जिसके बाद उच्चाधिकारियों के निर्देश पर इसे निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। फिलहाल, इसे डिफ्यूज करने की तिथि तय नहीं हुई है।
ज्ञातव्य है कि इससे पहले 17 मार्च को भी इसी क्षेत्र में दो बम बरामद हुए थे, जिन्हें बहरागोड़ा पुलिस की पहल पर सेना की टीम ने सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया था। उस दौरान सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए बम को बालू की बोरियों से ढककर सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज किया गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित