रामगढ़ , दिसम्बर 17 -- झारखंड के रामगढ़ जिले के घाटो थाना क्षेत्र में मंगलवार को झुंड से बिछड़े एक मतवाले हाथी ने जमकर उत्पात मचाया।
अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग और एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आर-4 नंबर सड़क को जाम कर वन विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
पहली घटना मंगलवार दोपहर करीब 2:15 बजे आरा सारूबेड़ा में हुई, जहां हाथी ने इचाकडीह निवासी स्व. बुधन रजवार के 32 वर्षीय पुत्र अमित कुमार को पटककर मार डाला। अमित सारूबेड़ा स्थित सीसीएल परियोजना में सुरक्षाकर्मी के पद पर कार्यरत था। परिजनों के अनुसार, अमित की शादी तय हो चुकी थी। दूसरी घटना रात करीब 10:30 बजे हुई, जब रामगढ़ से घाटो की ओर बाइक से जा रहे अमूल महतो को हाथी ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया। अमूल महतो गिद्दी प्रखंड के डाड़ी का निवासी था।
वन विभाग और पुलिस के अनुसार, मृत महिलाओं में वेस्ट बोकारो निवासी महावीर मांझी की पत्नी पार्वती देवी और आरा कोलियरी निवासी स्व. लखन करमाली की पत्नी सावित्री देवी शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि सभी घटनाओं को एक ही हाथी ने अंजाम दिया।
मंगलवार तड़के भी हाथी ने जिदू, हेसलाबेड़ा और कोयनारडीह गांव में दहशत फैलाई। सुबह करीब 5:30 बजे जिदू बेलटोली निवासी 40 वर्षीय शनिचरवा मुंडा खलिहान जा रहे थे, तभी अंधेरे में हाथी की चपेट में आ गए। गंभीर रूप से घायल शनिचरवा की रिम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले सुबह पांच बजे हेसलाबेड़ा चट्टानटोली की नाबालिग रवीना कुमारी पर मॉर्निंग वॉक के दौरान हाथी ने हमला किया। वहीं दोपहर में कोयनारडीह निवासी वृद्ध कमल महतो भी घायल हो गए। दोनों का इलाज चल रहा है।
वन विभाग ने मृतक शनिचरवा मुंडा की पुत्री को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी है, जबकि शेष 3.75 लाख रुपये कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद दिए जाएंगे। नाबालिग रवीना के परिजनों को भी तत्काल 5 हजार रुपये की सहायता प्रदान की गई है।
घटनाओं से गुस्साए ग्रामीणों ने आर-4 सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि हाथियों की आवाजाही की जानकारी होने के बावजूद न तो समय पर गश्त की गई और न ही लोगों को सतर्क किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मुआवजा और स्थायी समाधान की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित