रामगढ़ , अप्रैल 15 -- झारखंड के रामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियार के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अपराधियों के पास से दो देसी पिस्टल, तीन जिंदा गोली, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने आज बताया कि मंगलवार की रात गुप्त सूचना मिली कि दो व्यक्ति हथियार के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर रामगढ़ थाना क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की नीयत से घूम रहे हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस उपाधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चंदन कुमार वत्स के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया और जिले में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी क्रम में 15 अप्रैल की रात करीब 2:30 बजे रामगढ़-अरगड्डा रोड स्थित बड़का चुंबा जाने वाली सड़क के चौराहे पर एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों ने खदेड़कर पकड़ लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान बादल कुमार (पिता- गुड्डू राम, निवासी कैंटोनमेंट स्टाफ क्वार्टर, रामगढ़) तथा सोनू नंदी (पिता- स्व. मनोरंजन नंदी, निवासी पीटीपीएस, हेसला, पतरातू) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान बादल कुमार के पास से एक देसी पिस्टल और दो 9 एमएम की जिंदा गोली तथा सोनू नंदी के पास से एक देसी पिस्टल और एक जिंदा गोली बरामद हुई। पुलिस ने इनके पास से पल्सर मोटरसाइकिल संख्या जेएच 01 एएम 4316 तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे पूर्व में भी जेल जा चुके हैं और रामगढ़ जिले के संवेदक, व्यवसायी एवं कोयला होल्डर को हथियार का भय दिखाकर लेवी वसूलने की योजना बना रहे थे। इस मामले में रामगढ़ थाना कांड संख्या 90/2026 दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। छापेमारी दल में एसडीपीओ चंदन कुमार वत्स, थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडेय समेत रामगढ़ थाना के कई पुलिस पदाधिकारी एवं जवान शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित