रांची , अप्रैल 15 -- झारखंड की राजधानी रांची में मेडिकल की पढ़ाई कर रही एक छात्रा के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में पीड़िता की सहेली और उसके दो अन्य साथियों की संलिप्तता सामने आई है। रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बुधवार को बताया कि लालपुर थाना कांड संख्या 66/26, दिनांक 13 अप्रैल 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(i) एवं 123 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पीड़िता के फर्द बयान के आधार पर यह कार्रवाई शुरू की गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीनियर एसपी के निर्देश पर प्रशिक्षु आईपीएस साक्षी जमुआर के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी दानिश और उसके साथी फहद को पश्चिम बंगाल भागने के दौरान खड़गपुर से गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, पीड़िता की सहेली, जिसके फ्लैट में यह घटना हुई, उसे जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। एक अन्य आरोपी शादाब अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की सहेली ने उसे अपने जन्मदिन की पार्टी में बुलाया था। पार्टी के दौरान आरोप है कि दानिश ने पीड़िता को नशीला पदार्थ मिलाकर पिज्जा खिलाया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
एफआईआर में पीड़िता ने बताया कि 9 अप्रैल को वह अपनी सहेली के फ्लैट में आयोजित जन्मदिन पार्टी में शामिल होने गई थी। वहां केक काटने के बाद उसे सुस्ती महसूस होने लगी। इसी दौरान उसे पिज्जा दिया गया, जिसे खाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह कमरे में जाकर आराम करने लगी।
पीड़िता के अनुसार, इसी दौरान आरोपी दानिश कमरे में आया और उसकी बेहोशी का फायदा उठाकर दुष्कर्म किया। उसने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन नशे की हालत के कारण वह खुद को बचा नहीं सकी। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित