बोकारो , अप्रैल 16 -- झारखंड में बोकारो जिले के चास मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पुलिस ने मालती लक्जरी सिटी से साइबर ठगी के चार आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि उक्त कार्रवाई पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के आधार पर चास (मु.) थाना क्षेत्र के मालती लक्जरी सिटी स्थित एन-ब्लॉक, प्लॉट नंबर-101 में छापेमारी की गई।
चास के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके से चारों आरोपियों को मोबाइल फोन और लैपटॉप के जरिए साइबर ठगी करते हुए रंगे हाथ दबोच लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे लोगों को फोन कर केवाईसी अपडेट, एटीएम कार्ड बंद होने और पीएमईजीपी लोन दिलाने का झांसा देते थे। इसके बाद वे पीड़ितों के मोबाइल में एपीके फाइल-जैसे केवाईसी अपडेट करें, पीएमईजीपी लोन अप्लाई करें और खाता लोन -इंस्टॉल करवाकर मोबाइल हैक कर लेते थे।
मोबाइल हैक होने के बाद आरोपी ओटीपी, एटीएम कार्ड नंबर, पिन और पैन जैसी गोपनीय जानकारियां हासिल कर खातों से रकम उड़ा लेते थे। पुलिस के अनुसार यह गिरोह पिछले 3 से 4 महीनों से किराये के मकान में रहकर साइबर अपराध को अंजाम दे रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 35 वर्षीय प्रकाश दास, 32 वर्षीय सूरज दास, 25 वर्षीय अंकित दास और 22 वर्षीय प्रियंशु दास के रूप में हुई है। सभी आरोपी जामताड़ा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने 16 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक विक्टस कंपनी का लैपटॉप और कई संदिग्ध मोबाइल नंबरों से भरी एक डायरी बरामद की है। चास (मु.) थाना कांड संख्या-36/26 दिनांक 16 अप्रैल 2026 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की तलाश कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित