दुमका , अप्रैल 10 -- झारखंड के दुमका जिले में अवस्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल फौजदारी बाबा बासुकीनाथ धाम में विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के मद्धेनजर प्रमंडल स्तर पर प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गयी है।
संतालपरगना के प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को दुमका जिले के बासुकिनाथ मंदिर स्थित सभागार में इसको लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। उन्होंने बैठक में राजकीय मेला को लेकर विभिन्न विभागों की तैयारियों की समीक्षा की गई तथा कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
श्री कुमार ने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को राजकीय श्रावणी मेला महोत्सव के आयोजन में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं हो यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अपनी-अपनी कार्ययोजना शीघ्र तैयार करने तथा मेला क्षेत्र के सभी एंट्री पॉइंट पर मेटल डिटेक्टर स्थापित करने तथा सुचारु आवागमन के लिये ट्रैफिक रूट प्लान तैयार करने पर विशेष बल दिया।
श्री कुमार ने बासुकिनाथ मंदिर आने-जाने वाले मार्गों की स्थिति को सुधारने के लिये बासुकीनाथ-दुमका रोड को दुरुस्त करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही उन्होंने शिवगंगा की साफ-सफाई को बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान आयुक्त को शिवगंगा की सफाई के मद्धेनजर निविदा प्रक्रिया पूर्ण कर लिये जाने की जानकारी दी ।
उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पांच स्थलों को चिन्हित कर शौचालय निर्माण का प्रस्ताव भेजने, पेयजल व्यवस्था के लिए डीप बोरिंग कराने तथा मेला क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि मेला के दौरान अक्सर बच्चे एवं परिजन बिछड़ जाते हैं, ऐसी स्थिति में मेला क्षेत्र में लगे स्क्रीन के माध्यम से उनकी सूचना का प्रसारण किया जाए, ताकि उन्हें शीघ्र उनके परिजनों से मिलाया जा सके।
श्री कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों के आवासन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही लाकर सिस्टम, पार्किंग स्थल तथा पूरे मेला क्षेत्र में साफ-सफाई की व्यापक व्यवस्था करने पर जोर दिया गया। नंदी चौक सहित प्रमुख स्थलों पर आकर्षक लाइटिंग व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु आवश्यकता अनुसार मंदिर गार्ड की प्रतिनियुक्ति आउटसोर्सिंग के माध्यम से करने का निदेश दिया। फायर स्टेशन हेतु प्रस्ताव विभाग को भेजने का निर्देश दिया गया। श्रद्धालुओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए मेला क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाने, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा एंबुलेंस की तैनाती करने के निर्देश भी दिए गए।
भीड़ प्रबंधन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से क्यू कॉम्प्लेक्स में वाटर स्प्रिंकलर लगाने का निर्देश दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम एवं आरामदायक अनुभव मिल सके। इसके अतिरिक्त पूरे मेला क्षेत्र एवं मंदिर परिसर में स्वच्छता बनाए रखने तथा सॉलिड एवं लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट के कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। बैठक से पूर्व आयुक्त द्वारा रूट लाइन का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने मेला के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित