रांची , मई 03 -- झारखंड के पलामू जिले के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र स्थित रेड़मा ओवरब्रिज पर रविवार अहले सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई।

मृतकों की पहचान चैनपुर थाना क्षेत्र निवासी आनंद कुमार और मिंशु कुमार के रूप में हुई है। टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार ने घटना की पुष्टि की है।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि दोनों युवक बाइक से लेस्लीगंज इलाके में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। समारोह से लौटने के दौरान उनकी बाइक रेड़मा ओवरब्रिज पर अनियंत्रित हो गई और रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों घायलों को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

घटना की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित