रांची , मार्च 10 -- झारखंड के तीन प्रमुख विश्वविद्यालयों में नए कुलपतियों की नियुक्ति कर दी गई है।
राजभवन की ओर से इस संबंध में आज आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
आदेश के अनुसार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची, जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय और झारखंड राज्य मुक्त विश्वविद्यालय, रांची में नए कुलपतियों की नियुक्ति की गई है।
जारी अधिसूचना के मुताबिक प्रोफेसर राजीव मनोहर को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची का कुलपति नियुक्त किया गया है। प्रो. मनोहर वर्तमान में लखनऊ विश्वविद्यालय में प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं और शिक्षा व शोध के क्षेत्र में उनका लंबा अनुभव रहा है।
इसी प्रकार डॉ. एला कुमार को जमशेदपुर महिला विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया गया है। डॉ. कुमार वर्तमान में दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी दिल्ली टेक्निकल यूनिवर्सिटी फॉर वीमेन में प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। शिक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषयों में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
वहीं, अभय कुमार सिंह को झारखंड राज्य मुक्त विश्वविद्यालय, रांची का कुलपति बनाया गया है। अभय कुमार सिंह फिलहाल बिहार के राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय में प्रोफेसर और डीन के रूप में कार्यरत हैं।
राजभवन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि तीनों कुलपति पदभार ग्रहण करने की तिथि से अधिकतम तीन वर्ष की अवधि तक या कुलाधिपति की इच्छा के अनुसार अपने पद पर कार्य करेंगे। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन नियुक्तियों के लिए संबंधित संस्थानों से विजिलेंस क्लीयरेंस प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित