जामताड़ा , मई 02 -- झारखंड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत बोदमा-जितपुर गांव के जंगल से शनिवार को एक आदिवासी युवती और एक पुरुष का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृत महिला की पहचान पश्चिम बंगाल के महेशपुर निवासी मालती मुर्मू 30 वर्ष के रूप में हुई है। जबकि युवक की पहचान स्थानीय निवासी सागेन हांसदा 35 वर्ष के रूप में की गई है। दोनों शव की शिनाख्त घटनास्थल से बरामद बैग में मिले मोबाइल फोन के आधार पर हुई।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि आज चरवाहे गाय बकरी चराने के लिए जंगल की ओर गए हुए थे। वहीं उन्होंने अचेत अवस्था में पड़े एक युवक और युवती का शव देखा और आकर ग्रामीणों को जानकारी दिया। मही जाम पुलिस को सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी। घटनास्थल से पुलिस ने जहरीला पदार्थ बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे प्रेमप्रसंग की घटना मानते हुए हर पहलू से पड़ताल कर रही है।
मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान और मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि फिलहाल पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। पुलिस यह स्पष्ट करने में जुटी है कि मामला आत्महत्या का है या साजिश के तहत हत्या। पुलिस ने दोनों शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया गया है। वहीं इंस्पेक्टर अब्दुल रहमान ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामला स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल परिजनों के द्वारा थाना में आवेदन दिया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित