रांची, 30सितम्बर (वार्ता) झारखंड सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी अविनाश कुमार को राज्य का नया मुख्य सचिव बनाया है। झारखंड की मुख्य सचिव अलका तिवारी आज सेवानिवृत्त हो गईं। उनके स्थान पर विकास आयुक्त और ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार को राज्य का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। इसके साथ ही अविनाश कुमार को अपर स्थानिक आयुक्त नई दिल्ली और मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव का भी अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।
राज्य के कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग के अवर सचिव विनोद कुमार ने आज यहां इस आशय की अधिसूचना जारी की है।
उल्लेखनीय है कि अविनाश कुमार 1993 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव के रूप में भी कार्यरत हैं।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह को विकास आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
ज्ञातव्य है कि अलका तिवारी ने एक नवंबर 2024 को झारखंड के मुख्य सचिव के रूप में कार्यभार संभाला था।उनके पति डी के तिवारी भी झारखंड के मुख्य सचिव रह चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित