रांची , दिसंबर 17 -- झारखंड को इस वर्ष 69वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2025-26 के अंतर्गत स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) द्वारा फुटबॉल, तीरंदाज़ी, शतरंज, साइक्लिंग (ट्रैक एवं रोड) तथा हॉकी कुल पाँच राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी प्रदान की गई है।
इन सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची द्वारा किया जाएगा। प्रतियोगिताएँ रांची के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, खेलगांव, बीआईटी मेसरा के स्पोर्ट्स कंपलेक्स स्टेडियम एवं अन्य स्टेडियम में आयोजित होंगी। देश के सभी राज्यों एवं विभिन्न बोर्डों की 44 इकाइयों से खिलाड़ी भाग लेंगे।
प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए तैयारियाँ प्रारंभ कर दी गई हैं। देशभर से आने वाले खिलाड़ियों, कोचों, मैनेजरों एवं अभिभावकों के ठहरने, भोजन, सुरक्षा, चिकित्सा और खेल सुविधाओं को उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाएगा। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद प्रतिभागियों को सुरक्षित व प्रेरणादायक खेल वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।
प्रतियोगिताओं का आयोजन दिसंबर 2025 से जनवरी 2026 के बीच फुटबॉल (U-14 & U-17 बालिका) : 18-22 दिसंबर 2025, तीरंदाज़ी (U-17 बालक-बालिका) : 6-10 जनवरी 2026,शतरंज (U-14 बालक-बालिका) एवं साइक्लिंग - ट्रैक व रोड (U-14/17/19) : 13-17 जनवरी 2026हॉकी (U-17 बालक-बालिका) : 27-31 जनवरी 2026 को होगा।
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव धीरसेन ए सोरेंग ने बताया कि यह अवसर झारखंड के लिए गर्व का क्षण है। इससे राज्य की उभरती खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का उत्कृष्ट मंच मिलेगा। साथ ही यह आयोजन झारखंड की खेल संस्कृति, संसाधन एवं प्रबंधन क्षमता को भी देश के सामने प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत करेगा। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग तथा झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद सभी संबंधित विभागों के सहयोग से इस आयोजन को उत्कृष्ट, सुरक्षित एवं यादगार बनाने के लिए पूर्णतः संकल्पित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित