झांसी , दिसंबर 14 -- योगी आदित्यनाथ सरकार प्रदेश की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में झांसी में 16 दिसंबर को पिंक जॉब फेयर का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) झांसी के परिसर में आयोजित होगा, जिसमें महिला अभ्यर्थियों और छात्राओं को निजी एवं सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।

पिंक जॉब फेयर का आयोजन क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय झांसी और राजकीय महिला औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान झांसी के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। इस मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां भाग लेंगी और मौके पर ही छात्राओं का साक्षात्कार कर चयन की प्रक्रिया पूरी करेंगी। चयनित अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के बाद जॉब ऑफर भी दिए जाएंगे।

रोजगार मेले में अमास स्किल वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड, पुखराज हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड, टीम प्लस एचआर सर्विस, भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) झांसी सहित कई अन्य नामी कंपनियां भाग लेंगी। ये कंपनियां विभिन्न क्षेत्रों में योग्य महिला अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।

झांसी में पिंक जॉब फेयर का यह दूसरा आयोजन है। इससे पहले आयोजित मेले में बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया था और कई को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए थे। इस बार भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।

झांसी के सहायक सेवायोजन अधिकारी वसीम मोहम्मद ने बताया कि पिंक जॉब फेयर में भाग लेने वाली छात्राओं की कैरियर काउंसलिंग भी की जाएगी, ताकि वे अपनी योग्यता और रुचि के अनुसार सही करियर विकल्प चुन सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह रोजगार मेला पूरी तरह निःशुल्क है और किसी भी अभ्यर्थी से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित