हरिद्वार/रुड़की , अप्रैल 28 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के लाठरदेवा गांव में कल देर रात हुयी फायरिंग की घटना में एक युवक गंभीर रुप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुकान के बाहर ठेला लगाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोप है कि मुशीर नाम के युवक ने गुस्से में आकर आकिब (26) पर फायर कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में घायल को सरकारी अस्पताल, रुड़की लेकर पहुंचे। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. एजाज ने बताया कि युवक के पैर में गंभीर चोट है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी की तलाश जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, जिसके मद्देनजर पुलिस द्वारा अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित