भीलवाड़ा , जनवरी 13 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के प्रताप नगर थाना क्षेत्र में सोमवार रात हुए झगड़े में तीन युवक घायल हो गये।

पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि आजाद नगर में चीकू और सुनील ने एक युवक अख्तर का मोबाइल छीन लिया। इसे लेकर अख्तर ने अपने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद तनवीर आलम, आरीफ और आवेश ने मोबाइल छीनने को लेकर उन्हें उलाहना दिया। इस दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।

पुलिस ने बताया कि सुनील और चीकू दमामी ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में तनवीर आलम, आरिफ और आवेश घायल हो गए। तीनों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। आरिफ को गंभीर चोट आई है।

उधर चाकूबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित