भरतपुर , अप्रैल 19 -- राजस्थान के भरतपुर के सेवर थाना क्षेत्र में ततामड़ गांव में दो पक्षों के बीच हुए संघर्ष के बाद पुलिस पर एकपक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाते दूसरे पक्ष की तरफ से रविवार को थाने के सामने धरना देकर विरोध प्रदर्शन किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार धरना दे रहे पक्ष का आरोप है कि झगड़े के बाद भीम आर्मी ने गांव में आकर प्रदर्शन किया जिसके दबाव में पुलिस ने चार नाबालिग युवकों को बाल सुधार गृह और छह लोगों को मारपीट के आरोप में जेल भेज दिया।
सूत्रों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की मौजूदगी में भीम आर्मी के कार्यकर्ता द्वारा गोली मारने की धमकी दिए जाने के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की साथ ही उनकी तरफ से पुलिस में मामला तक दर्ज नहीं किया जा रहा।
उधर मामले को तूल पकड़ता देख पुलिस के उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर हालात का जायजा लेते हुए धरनार्थी पक्ष को उचित कार्रवाई का आश्वासन देते हुए भीम आर्मी के साहब सिंह अहेरिया के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दिए। उच्चाधिकारियों की तरफ से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद करीब चार घण्टे चले धरने को समाप्त कर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित