हरिद्वार , मार्च 25 -- उत्तराखंड में हरिद्वार के ज्वालापुर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक तस्कर को स्मैक के साथ गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार देर रात जांच अभियान के दौरान रेगुलेटर पुल के पास नहरी पटरी, ज्वालापुर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 12.26 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक की बाजार कीमत लगभग साढ़े तीन लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान हारुन (34), पुत्र फैज आलम के रूप में हुई है। वह हरिद्वार के पिरान कलियर का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है तथा उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मनीष भण्डारी, कांस्टेबल दिनेश और कांस्टेबल अनिल वर्मा शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित