हरिद्वार , दिसंबर 15 -- उत्तराखंड में 'ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन' को सफल बनाने की दिशा में हरिद्वार पुलिस ने ज्वालापुर में गांजा तस्करी का भंडाफोड़ करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो किलो से अधिक गांजा बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली ज्वालापुर पुलिस ने सोमवार को नशा तस्करों के विरुद्ध सख्त कदम उठाते हुए एक मोटरसाइकिल सवार को रोककर उसके पास से 2.035 किलोग्राम गांजा बरामद किया और तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, नियमित जांच के दौरान सेक्टर-2, शौचालय के निकट संदिग्ध गतिविधि के आधार पर मोटरसाइकिल सवार तस्लीम उर्फ गोलू पुत्र नवाब, निवासी डोंगरीला बस्ती, मोहल्ला कड़च्छ, कोतवाली ज्वालापुर को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 2.035 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
इस संबंध में कोतवाली ज्वालापुर ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी को विधिक कार्रवाई के तहत न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस टीम में प्रभारी चौकी रेल उप निरीक्षक समीप पाण्डेय, कांस्टेबल अमित गॉड तथा कांस्टेबल राजेश बिष्ट शामिल रहे। हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित