पटना , मई 11 -- बिहार के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने सोमवार को कहा कि ''ज्ञान ही किसी व्यक्ति के व्यक्तित्व का सबसे महत्वपूर्ण आधार है और वह उसे गहराई, परिपक्वता और स्थायी सम्मान प्रदान करता है।

श्री हसनैन ने मगध महिला कॉलेज, पटना के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम 'उड़ान' के अवसर पर कहा कि बाहरी आकर्षण, आत्मविश्वास और शारीरिक क्षमता तभी सार्थक होती है, जब मनुष्य में व्यापक ज्ञान, निरंतर अध्ययन और सीखने की प्रवृत्ति हो।'' उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से समाचार-पत्र पढ़ने, समसामयिक विषयों से जुड़े रहने तथा अपने विचारों को लेखन एवं संवाद के माध्यम से समाज के समक्ष रखने के लिए प्रेरित किया।

राज्यपाल ने पदक और पुरस्कार प्राप्त करने वाली छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि जीवन में पुरस्कार और सम्मान महत्वपूर्ण होते हैं, लेकिन जिन्हें आज पुरस्कार नहीं मिला है, उन्हें निराश होने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे निरंतर परिश्रम करें, स्वयं को अनुशासित रखें और परिणाम की चिंता किए बिना अपना सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास करें।

श्री हसनैन ने जीवन में हास्यबोध के महत्व पर बल देते हुए कहा कि जो व्यक्ति स्वयं पर हँसना सीख लेता है, वही प्रभावी नेतृत्व कर सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मकता, सहजता और मानवीय संबंधों को बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने एलुमनाई नेटवर्क की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अच्छे संस्थानों से प्राप्त संबंध जीवनभर सहयोग और प्रेरणा का स्रोत बने रहते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित