वाराणसी , दिसंबर 15 -- वाराणसी में जिला न्यायाधीश संजीव शुक्ला की अदालत ने सोमवार को ज्ञानवापी के सील वजूखाने के ताले पर लगे फटे कपड़े को बदलने के मामले में सुनवाई की। शासन की ओर से नियुक्त विशेष अधिवक्ता राजेश मिश्रा ने बताया कि इस मामले पर अब जिला न्यायालय से आगे कोई आदेश नहीं दिया जाएगा।
श्री मिश्रा ने बताया कि अदालत ने कहा कि पूजा स्थल (विशेष प्रावधान) अधिनियम, 1991 के प्रावधानों पर उच्चतम न्यायालय में सुनवाई जारी है। इस संबंध में उच्चतम न्यायालय ने 12 दिसंबर, 2024 को अधीनस्थ एवं निचली अदालतों को आदेश देते हुए कहा था कि जब तक इस मुद्दे पर उनकी कोर्ट में सुनवाई चल रही है, तब तक निचली अदालतें कोई नया मुकदमा स्वीकार नहीं करेंगी और न ही ऐसा कोई आदेश पारित करेंगी, जिससे सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई प्रभावित हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित