जौनपुर , फरवरी 14 -- उत्तर प्रदेश मं जौनपुर जिले के बक्सा थाना क्षेत्र अंतर्गत लखऊंवा बाजार में शनिवार को रंगदारी न देने पर बदमाशों ने एक बंगाली डॉक्टर को गोली मार दी। गोली डॉक्टर के पैर में लगी है। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और हालत स्थिर बताई जा रही है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार घायल डॉक्टर वी.के. बंगाली ने बताया कि छह फरवरी को एक अज्ञात व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल कर अपना नाम शोले सिंह बताते हुए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। डॉक्टर के अनुसार उन्होंने रकम देने से इनकार कर तत्काल 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी थी।

डॉक्टर ने बताया कि शनिवार अपराह्न करीब तीन बजे एक बाइक पर सवार तीन नकाबपोश उनके क्लिनिक पर पहुंचे। इनमें से एक ने असलहा निकालकर उनके पैर में गोली मार दी। गोली चलने से बाजार में अफरातफरी मच गई और हमलावर मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल डॉक्टर को जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित