जौनपुर , जनवरी 21 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर में 25 जनवरी को 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस महोत्सव के रुप में मनाया जाएगा।

जिले के जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व सह उप जिला निर्वाचन अधिकारी परमानन्द झा द्वारा 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस महोत्सव के रूप में मनाए जाने के संबंध में बैठक की गई।

बैठक में राष्ट्रीय मतदाता दिवस जनपद स्तर व तहसील स्तर पर वृहद रुप से मनाये जाने हेतु चर्चा की गई।

अपर जिलाधिकारी श्री झा ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में 25 जनवरी को 16 वाँ राष्ट्रीय मतदाता दिवस हर्ष उल्लास के साथ ही महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। सभी तहसील स्तर व समस्त मतदेय स्थलों पर कार्यक्रम होगा और मतदाता शपथ दिलाई जायेगी तथा नये युवा मतदाता को ईपिक कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा।

मुख्य कार्यक्रम टी डी इन्टर कालेज में दिन में 11 बजे से आयोजित है। नगर के सभी इन्टर व डिग्री कालेज से छात्र छात्राएं अपने कालेज से मतदाता जागरूकता रैली लेकर बैनर के साथ मुख्य कार्यक्रम स्थल टी डी इन्टर कालेज पहुंचेगे, जहाँ पर मतदाता जागरूकता विषय पर रंगोली, मेहंदी व पोस्टर स्लोगन प्रतियोगिताएं आयोजित होगी तथा विजेताओं व उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया जायेगा। उन्होंने सभी लोगों से अपील किया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश के अनुपालन में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पूर्ण मनोयोग एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित