जौनपुर , फरवरी 10 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े चर्चित मामले में आरोपित भोला प्रसाद जायसवाल को मंगलवार को दीवानी न्यायालय स्थित एनडीपीएस कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई के लिए 18 फरवरी की तिथि निर्धारित की है।

कफ सिरप मामले के मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल के पिता भोला प्रसाद जायसवाल पर आरोप है कि उन्होंने 'शैली ट्रेडर्स' फर्म के माध्यम से जनपद की 12 फर्मों के जरिए लगभग 42.5 करोड़ रुपये का कारोबार किया। औषधि विभाग की जांच में इन फर्मों के नाम पर बड़े पैमाने पर बिलिंग किए जाने का मामला सामने आया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस और विशेष जांच टीम (एसआईटी) पूरे नेटवर्क की गहन पड़ताल कर रही है। गिरफ्तारी के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है। जांच एजेंसियां इस पहलू की भी जांच कर रही हैं कि संबंधित फर्मों का उपयोग कहीं अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों के कारोबार को छिपाने के लिए तो नहीं किया गया।

जिला प्रशासन और पुलिस ने प्रकरण को गंभीर मानते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही आरोपित की चल-अचल संपत्तियों को कुर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। कोर्ट में पेशी के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा और आरोपित को कड़ी सुरक्षा के बीच एनडीपीएस कोर्ट के न्यायाधीश के समक्ष प्रस्तुत किया गया। मामले की आगे की सुनवाई 18 फरवरी को होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित