जौनपुर , अप्रैल 1 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के भिखारीपुर गांव के पास खड़े डंपर से टकराने से बाइक सवार रेलवे कर्मी की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि सुजानगंज थाना क्षेत्र के बसरही गांव निवासी शरद तिवारी (40) जंघई रेलवे स्टेशन पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थे। मंगलवार रात ड्यूटी समाप्त कर वह मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इस दौरान भिखारीपुर गांव के पास एक पेट्रोल पंप के निकट सड़क किनारे खड़े डंपर से उनकी टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि डंपर बिना लाइट के गलत तरीके से खड़ा था, जिससे हादसा हुआ।
घटना में गंभीर रूप से घायल शरद को परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान देर रात उनकी मृत्यु हो गई। कोतवाली प्रभारी विनीत राय ने बताया कि मृतक के पुत्र अभय की तहरीर पर अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित