जौनपुर , दिसम्बर 13 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के मीरगंज क्षेत्र के चौकी खुर्द गांव में शनिवार को गांव के एक कुएं में युवक का शव उतराया हुआ मिला।
शव की पहचान शुभम कन्नौजिया (25) के रूप में हुई, जो बीते पांच दिसंबर की रात से लापता था। पुलिस सूत्रों के अनुसार परिजनों ने बताया कि शुभम को 05 दिसम्बर की रात किसी अज्ञात नंबर से फोन आया था, जिसके बाद वह अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़कर बाहर निकला और फिर वापस नहीं लौटा, अगले दिन सुबह जब वह घर पर नहीं मिला, तो परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताते हुए मीरगंज थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने शुभम के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी, लेकिन उससे पहले ही एक सप्ताह बाद उसका शव गांव के कुएं में मिला। थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल की सूचना पर गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मोबाइल सर्विलांस के जरिए मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यह पता चल सके कि आखिरी बार शुभम से किसने संपर्क किया था और वह किन परिस्थितियों में घर से बाहर गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित