जौनपुर , मार्च 27 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर में शुक्रवार को चैत्र नवरात्र की राम नवमी दिन नगर में मर्यादा पुरुषोतम भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

शोभायात्रा में हाथी, घोड़ा, ऊंट, डीजे, रथ, बैण्ड बाजा, ढोलताशा के साथ आकर्षक झांकियों व भगवान राम की पालकी भी शामिल थी। श्रीराम के जयघोष से पूरा परिवेश गुंजायमान हो उठा।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार शोभायात्रा के मद्देनजर तमाम हिन्दू संगठनों द्वारा जौनपुर नगर में जगह जगह तोरण द्वार बनाये गये थे तथा भगवा ध्वज के माध्यम से शहर को सजाया गया था। श्रद्धालु नगरवासी अपने आराध्य देव भगवान श्री राम की जय जयकार के साथ पुष्प वर्षा कर रहे थे। अनेक स्थानों पर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीरामलला की पूजन कर आरती भी की गई। भगवान राम के दर्शन पूजन के लिए सड़कों के किनारे श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।

शोभायात्रा अहियापुर स्थित श्री राम जानकी मंदिर से चल कर नगर के मुख्य मार्ग अहियापुर,सब्जी मंडी, कोतवाली चौराहा, चहारसू चौराहा,ओलन्दगंज होते हुये समापन स्थल कजगांव पड़ाव पहुंची, जहां बनाये गये मंच पर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम की आरती की गई। शोभा यात्रा के मुख्य मार्ग पर नगर की प्रमुख समितियो द्वारा स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जा रहा था। कोतवाली चौराहे पर बनाये गये कंट्रोल रूम से शोभायात्रा का सजीव प्रसारण किया जा रहा था।

शोभायात्रा को मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह व सहायक पुलिस अधीक्षक सह सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने नारियल फोड़ कर हरी झंडी दिखा कर शुभारंभ किया। शोभायात्रा का संचालन बोल बम कांवरिया संथ के पदाधिकारियों के देख रेख में सम्पन्न हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित