जौनपुर , फरवरी 9 -- जौनपुर में मतदाता सूची से नाम काटे जाने के आरोप को लेकर कांग्रेस पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी से मिलकर कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि विभिन्न स्थानों पर कुछ लोगों द्वारा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) पर दबाव बनाकर कथित रूप से मतदाताओं के नाम सूची से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है।

डॉ. सिंह ने कहा कि जाति विशेष एवं गैर-भाजपाई मतदाताओं के नाम साजिशन फार्म-7 के माध्यम से कटवाने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की, ताकि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित हो सके।

प्रतिनिधिमंडल में शहर अध्यक्ष आरिफ खान, सत्यवीर सिंह, राकेश सिंह 'डब्बू', इरशाद खान, जयप्रकाश मिश्रा, आरिफ सलमानी, जय मंगल यादव, अनिल सोनकर, होजैफा खान, अधिवक्ता शैलेंद्र यादव समेत अन्य कार्यकर्ता शामिल थे। जिला प्रशासन की ओर से मामले में जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित