जौनपुर , दिसंबर 02 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पवारा थाना क्षेत्र के टिकरा गांव में भैंस बांधने को लेकर हुए विवाद में तीन महिलाओं ने एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला को पीट-पीट कर मार डाला। पुलिस ने तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि टिकरा गांव निवासी राजकुमार चौहान ने थाने पर तहरीर में बताया कि एक दिसंबर की रात लगभग आठ बजे भैंस बांधने को लेकर शुरू हुए विवाद में कमला पत्नी रामजी, मेनका पत्नी विनोद और प्रियंका पत्नी दिनेश ने मिलकर उसकी मां फूला देवी (70) को बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल फूला देवी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

.पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में थाना पवारा पर मुकदमा संख्या 167/2025 धारा 115(2)/105 बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने रात में ही आरोपी तीनों महिलाओं को गिरफ्तार कर आज मंगलवार को जेल भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित