जौनपुर , अप्रैल 15 -- उत्तरप्रदेश के जौनपुर जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ एवं कर्मठ नेता राम आसरे सिंह का मंगलवार देर रात लगभग दो बजे हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया।

वह लगभग 65 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर से भाजपा कार्यकर्ताओं, समर्थकों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार भाजपा नेता राम आसरे सिंह पिछले लगभग 40 वर्षों से भाजपा के सक्रिय सदस्य रहे। अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उन्होंने संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और सेवा भाव का परिचय दिया। वे सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के लिए सदैव याद किए जाएंगे।

मछलीशहर भाजपा के निवर्तमान जिला मंत्री सत्यम सिंह तनु ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए बताया कि राम आसरे सिंह उनके बड़े पिताजी थे। उन्होंने कहा कि ''बड़े पिताजी का इस तरह अचानक चले जाना हमारे परिवार के साथ-साथ पूरे भाजपा परिवार के लिए एक गहरी क्षति है। उन्होंने जीवनभर संगठन को मजबूत करने में अहम योगदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।''श्री राम आसरे सिंह का अंतिम संस्कार वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ किया गया जहां बड़ी संख्या में परिजन, शुभचिंतक और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित