जौनपुर , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के मुंगराबादशाहपुर में अघोषित बिजली कटौती और प्रीपेड स्मार्ट मीटर के विरोध में शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्युत उपकेंद्र पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने प्रदेश सरकार पर जनता को लूटने का आरोप लगाया। कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती राजकुमारी मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए स्मार्ट मीटर व्यवस्था का विरोध किया। आक्रोशित कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर के माध्यम से सरकार आम जनता और बिजली उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण कर रही है।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार प्रदेश की भोली-भाली जनता को खुलेआम लूट रही है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर जनता को लूटने की सरकारी मशीन बन चुका है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने जौनपुर में अघोषित बिजली कटौती का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्तमान में 24 घंटे में केवल 10 से 12 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो रही है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमारी मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार जानबूझकर जनता को परेशान कर रही है। बिजली सबसे मूलभूत आवश्यकता है, लेकिन सरकार की कटौती नीति ने लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। नगर अध्यक्ष निशु केसरी ने मांग की कि सरकार प्रीपेड मीटरों को तत्काल वापस ले और ग्रामीण क्षेत्रों में कम से कम 20 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित