जौनपुर , अप्रैल 30 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन अंतर्जनपदीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 72 किलो 350 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने बताया कि जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश कुमार सिंह के निर्देशन में थाना सिकरारा पुलिस एवं एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) गाजीपुर की संयुक्त टीम मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के लिए सक्रिय थी। इसी दौरान गुलजारगंज बाजार क्षेत्र में मौजूद टीम को मुखबिर खास से सूचना मिली।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने अरूआवा बाजार के पास घेराबंदी कर तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 72 किलो 350 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज यादव पुत्र स्व. हरिलाल यादव निवासी ग्राम सरावां थाना मछलीशहर जनपद जौनपुर, राजेश सिंह पुत्र तेजबहादुर सिंह एवं रमेश चंद्र चौहान पुत्र रमाशंकर चौहान निवासीगण ग्राम महजूदा थाना सुरियावां जनपद भदोही के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा उनसे पूछताछ कर गांजा तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित