जौनपुर , अप्रैल 21 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर गांव के पास एनएच-731 पर मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रेलर और ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिले में बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर गांव के पास तेज रफ्तार टेलर और ट्रक आमने-सामने आपस में भिड़ गए, जिससे दो लोगों के मौके पर मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान रामकरण गुर्जर निवासी जयपुर (राजस्थान) के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है, वहीं घायल इंद्र कुमार, जो ट्रक चालक है और सुल्तानपुर जिले के जगदीशपुर का निवासी है, का इलाज चल रहा है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लगभग तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायल को अस्पताल भिजवाया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित