जौनपुर , दिसम्बर 26 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के खुटहन थाना क्षेत्र के ग्राम पनौली में शुक्रवार को एक ग्राहक सेवा केंद्र संचालक की दिन दहाड़े धारदार हथियार से सिर पर वार कर हत्या कर दी गयी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पनौली गांव की सड़क पर ग्राहक सेवा केंद्र चलाने वाले फूलचंद उर्फ सेवाराम पासवान (60) के सिर पर किसी धारदार हथियार से हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के मुताबिक मृतक की जेब से एक लाख 68 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ कौस्तुभ ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित