जौनपुर , दिसम्बर 16 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर में जफराबाद क्षेत्र के अहमदपुर गांव के पुरानी गोदाम निवासी एक दंपत्ति की उनके ही कलियुगी पुत्र ने पैसों और पारिवारिक विवाद को लेकर आठ दिसम्बर को जघन्य हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी बेटे ने माता-पिता के शव को गोमती नदी के बेलाव घाट पर ले जाकर फेंक दिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतकों की पहचान श्यामबहादुर और उनकी पत्नी के रूप में हुई है। श्यामबहादुर मूल रूप से केराकत क्षेत्र के खरगसेनपुर गांव के निवासी थे। उन्हें यहां उनके ससुर स्वर्गीय रामनारायण द्वारा संपत्ति दी गई थी। श्यामबहादुर लंबे समय तक टाटा जमशेदपुर में रहे और रेलवे में लोको पायलट के पद पर तैनात थे। वे 30 जून 2024 को सेवानिवृत्त हुए थे, जिसके बाद पत्नी के साथ गांव में रहने लगे थे। श्यामबहादुर के परिवार में तीन पुत्रियां वंदना कुमारी, अर्चना और सपना तथा एकमात्र पुत्र अम्बेश कुमार है। तीनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है। अम्बेश पिछले करीब छह वर्षों से कोलकाता में रहकर निजी नौकरी कर रहा था। पांच वर्ष पूर्व उसने वहां एक दूसरे सम्प्रदाय की युवती से विवाह कर लिया था, जिससे उसके एक पुत्र और एक पुत्री हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित