जौनपुर , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में लाइन बाजार थाना क्षेत्र के विशेषरपुर और धन्नेपुर में कब्रिस्तान तथा भीटा की जमीन पर अवैध कब्जे के मामले में लेखपालों की तहरीर पर पांच आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार लेखपाल प्रभात यादव और रमेश चंद्र दुबे ने लाइन बाजार थाने में दी गई तहरीर में बताया कि शिकायत मिलने पर जांच की गई। जांच में पाया गया कि विशेषरपुर क्षेत्र स्थित कब्रिस्तान की जमीन के कुछ हिस्से पर धन्नेपुर निवासी धर्मेंद्र बिंद और राजन बिंद ने करकट रखकर अवैध कब्जा कर लिया है।

इसके अलावा धन्नेपुर क्षेत्र में भीटा की जमीन के लगभग 60 वर्गमीटर हिस्से पर मंशाराम बिंद, जयशंकर बिंद और मुलेन्द्र बिंद ने पक्का मकान, शौचालय और टीनशेड बनाकर कब्जा कर लिया है। लेखपालों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एंटी भू-माफिया अभियान के तहत पांचों नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक रामप्रकाश यादव को सौंपी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित