जौनपुर , फरवरी 28 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में खेतासराय थाना क्षेत्र में शनिवार की भोर अराजक तत्वों द्वारा होलिका दहन स्थल पर आग लगा देने का मामला सामने आया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार घटना पंजाब नेशनल बैंक शाखा के समीप खेतासराय-जौनपुर मुख्य मार्ग पर स्थित निर्धारित होलिका दहन स्थल की है। होलिका समिति ने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जानकारी के अनुसार प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी बैंक के पास निर्धारित स्थान पर होलिका दहन की तैयारियां की जा रही थीं। समिति के सदस्यों द्वारा लकड़ियां, उपले सहित अन्य सामग्री एकत्र कर सुव्यवस्थित ढंग से रखी गई थी।
शनिवार की सुबह अचानक होलिका स्थल से धुआं उठता देख आस-पास के लोग मौके पर पहुँचे। जाँच करने पर पाया गया कि किसी अज्ञात अराजक तत्व द्वारा होलिका में आग लगा दी गई है। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग को फैलने से पहले ही बुझा दिया जिससे कोई बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलते ही होलिका समिति के अध्यक्ष सोनू बिन्द सहित अन्य सदस्य मौके पर पहुँचे और तत्काल पुलिस को अवगत कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित