जौनपुर , फरवरी 15 -- उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने रविवार को कहा कि वाराणसी मंडल का स्पोर्ट्स कॉलेज जौनपुर जिले के मडियाहू तहसील क्षेत्र में सुभाषपुर (पाली) गांव में बनेगा।

श्री यादव ने रविवार को जौनपुर डाक बंगले में "यूनीवार्ता" से बातचीत में कहा कि कालेज के लिए सुभाषपुर में 35 एकड़ जमीन चिन्हित कर ली गई है और इसको बनाने में कुल 110 करोड रुपए की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक मंडल में एक स्पोर्ट्स कॉलेज बनवा रही है, उसी के क्रम में वाराणसी मंडल का स्पोर्ट्स कॉलेज जौनपुर जिले के सुभाषपुर गांव में बनेगा। उन्होंने कहा कि इस कॉलेज के बन जाने से खेल को बढ़ावा मिलेगा।

उन्होने कहा कि जौनपुर में खेल सुविधाओं का विकास तेजी से हो रहा है। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी स्टेडियम सिद्धिकपुर में अंतरराष्ट्रीय स्तर का सिंथेटिक रनिंग ट्रैक बनाया गया है, इसका औपचारिक लोकार्पण होना बाकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी मंडलों में स्पोर्ट्स कॉलेज खोलने के लिए जमीन खोजी जा रही है। चित्रकूट धाम मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज महोबा जिले में बनेगा, इसके लिए जमीन चिन्हित कर ली गई है और मंडलों में जमीन मिलते ही कॉलेज खोलने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित