जौनपुर , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के जलालपुर थाना क्षेत्र में त्रिलोचन महादेव मंदिर के पास स्थित कंपोजिट विद्यालय रेहटी परिसर में गुरुवार सुबह एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार गुरुवार सुबह स्कूल के मैदान में दौड़ने आए कुछ युवकों ने शव पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान रेहटी गांव निवासी अखिलेश राजभर (22) के रूप में की। परिजनों के अनुसार अखिलेश बुधवार दोपहर करीब तीन बजे घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।

जलालपुर थाना प्रभारी गजानंद चौबे ने बताया कि मृतक के पास से सल्फास की एक शीशी और पानी की बोतल बरामद हुई है, जिससे प्रथम दृष्टया विषाक्त पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार अखिलेश मुंबई में एक निजी कंपनी में कार्यरत था और दो दिन पहले ही अपने घर आया था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक की दो बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन का विवाह होना शेष है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित