जौनपुर , फरवरी 08 -- उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिला कारागार में निरुद्ध तीन बंदी इस वर्ष माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा आयोजित हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा में शामिल होंगे।

कारागार अधीक्षक पवन कुमार त्रिवेदी ने बताया कि विचाराधीन बंदी दीपक कुमार और अरबाज हाईस्कूल परीक्षा में सम्मिलित होंगे। दोनों वर्तमान में जिला कारागार जौनपुर में निरुद्ध हैं। वहीं रामविलास, जो पूर्व में जौनपुर कारागार में विचाराधीन बंदी था और बाद में सजा होने पर केंद्रीय कारागार वाराणसी भेजा गया, इस वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा देगा।

उन्होंने बताया कि तीनों बंदियों को परीक्षा में सम्मिलित कराने के लिए आवश्यक प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित