जयपुर , अप्रैल 05 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर जोधपुर में राजीव गांधी फिनटेक डिजिटल इंस्टीट्यूट का काम अधर में लटका देने का आरोप लगाया हैं।
श्री गहलोत ने रविवार को अपनी सोशल मीडिया श्रृंखला इंतजारशास्त्र की 14वीं कड़ी में यह आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजस्थान के युवाओं को कृत्रिम बुद्धिमता (एआई), डेटा एनालिटिक्स और साइबर सिक्योरिटी जैसी आधुनिक तकनीकों में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण देने के संकल्प के साथ हमारी कांग्रेस सरकार ने जोधपुर में 'राजीव गांधी फिनटेक डिजिटल इंस्टीट्यूट' की आधारशिला रखी थी लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस संस्थान का काम मार्च 2024 तक पूरा हो जाना चाहिए था, उसे आज भाजपा सरकार की उदासीनता ने अधर में लटका दिया है।
उन्होंने कहा कि पहले केंद्र सरकार ने 15वें वित्त आयोग की सिफारिश के बावजूद इसके लिए 400 करोड़ रुपए का फंड देने से इनकार किया और अब राज्य की भाजपा सरकार इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की गति धीमी कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। आखिर भाजपा को प्रदेश की प्रगति और युवाओं के कौशल विकास से क्या आपत्ति है। राजनीति अपनी जगह है लेकिन जनहित की परियोजनाओं को रोकना प्रदेश को पीछे धकेलने जैसा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित