जयपुर , मार्च 26 -- राजस्थान में जैसलमेर जिला पुलिस ने नशीले पदार्थ तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 50 लाख रुपए के नशीले पदार्थ सहित एक तस्कर गिरफ्तार किया हैं।

पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक जैसलमेर अभिषेक शिवहरे के निर्देशन में पुलिस थाना सांगड़ एवं जिला विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 310 ग्राम स्मैक, 140 ग्राम एमडीएमए, 3.260 किलोग्राम डोडा पोस्त तथा दो लाख 70 हजार 800 रुपये नकद बरामद किए हैं। जब्त नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।

इस मामले में सांगड़ थाना के सरहद कोडा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी सदराम (42) निवासी विरमाणियो की ढाणी, चेनपुरा थाना धोरीमन्ना, जिला बालोतरा को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना सांगड़ में प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान जारी है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशीले पदार्थ को जैसलमेर कस्बे में छोटे-छोटे हिस्सों में बेचने के उद्देश्य से ला रहा था। पुलिस आरोपी से इसकी खरीद-फरोख्त के नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित