भोपाल , मार्च 8 -- क्षेत्रीय प्राकृतिक विज्ञान संग्रहालय, भोपाल द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर शासकीय कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, तुलसी नगर में "जैवविविधता संरक्षण में महिलाओं की भूमिका" विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की लगभग 60 छात्राएँ उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम के दौरान संग्रहालय की वरिष्ठ शिक्षा सहायक श्रीमती अस्मिता चौधरी ने छात्राओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए जैवविविधता संरक्षण में महिलाओं की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से बताया कि जल, वनस्पतियों और प्राकृतिक संसाधनों के संतुलित उपयोग की परंपरा हमारे समाज में लंबे समय से महिलाओं द्वारा सहेजी और आगे बढ़ाई जाती रही है।

उन्होंने यह भी बताया कि हमारे पूर्वजों ने अपने सांस्कृतिक कार्यों के माध्यम से जैवविविधता संरक्षण के प्रभावी उपाय समाज को बताए थे और उसी पारंपरिक ज्ञान के आधार पर आज भी महिलाएँ प्रकृति और जैवविविधता की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं से अपील की गई कि वे वैज्ञानिक सोच के साथ अपनी परंपराओं को निभाते हुए भावी पीढ़ी को बेहतर पर्यावरण और समृद्ध जैवविविधता देने का प्रयास करें। छात्राओं ने भी विषय के प्रति गहरी रुचि व्यक्त की और पर्यावरण तथा जैवविविधता संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित