फगवाड़ा , मई 06 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुकराना यात्रा के तहत फगवाड़ा पहुंचकर शहर के विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं हैं।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को गांधी चौक में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि लंबे समय से बंद पड़ी जेसीटी मिल को जल्द चालू किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि गोल्डन संधार शुगर मिल द्वारा किसानों के बकाया भुगतान जल्द जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि फगवाड़ा को पूर्ण जिला बनाने की लंबे समय से चली आ रही मांग पर सरकार गंभीरता से विचार कर रही है।
श्री मान ने कहा कि राज्य सरकार ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब से जुड़े मामलों में न्याय सुनिश्चित करने के लिए सख्त बेअदबी विरोधी कानून लागू किया है। उन्होंने यह भी बताया कि गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को पूरे पंजाब में श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि किसानों को निर्बाध बिजली आपूर्ति दी जा रही है, जनता को राहत देने के लिए 19 टोल प्लाजा बंद किए गए हैं और लोगों को 10 लाख रुपए तक स्वास्थ्य बीमा सुविधा दी जा रही है। उन्होंने महिलाओं से 1000 से 1500 रुपए मासिक आर्थिक सहायता योजनाओं के लिए पंजीकरण कराने की अपील भी की।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ ताकतें पंजाब में डर का माहौल बनाना चाहती हैं, लेकिन पंजाबी ऐसे प्रयासों को कभी सफल नहीं होने देंगे।
कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी की स्थानीय राजनीति भी चर्चा में रही। लोकसभा सांसद राज कुमार चब्बेवाल और फगवाड़ा हलका इंचार्ज हरनूर सिंह मान (हरजी मान) के समर्थकों की अलग-अलग सक्रियता ने स्थानीय नेतृत्व के भीतर हलचल के संकेत दिए।
कार्यक्रम में सरबजीत सिंह लुबाना, दलजीत राजू, मेयर रामपाल उप्पल और डिप्टी मेयर विक्की सूद सहित कई नेता मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक लॉ एंड ऑर्डर एसपीएस परमार, उप महानिरीक्षक नवीन सिंगला, डिप्टी कमिश्नर आकाश बंसल, एसएसपी गौरव तूरा और एसपी फगवाड़ा माधवी शर्मा समेत वरिष्ठ अधिकारी पूरे समय निगरानी में जुटे रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित