कुशीनगर , फरवरी 2 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के पटनी गांव में सोमवार सुबह एक व्यक्ति का शव बगीचे में पेड़ से लटका मिला।

पुलिस के अनुसार पटनी निवासी रविन्द्र साहनी (42) दुष्कर्म के एक मामले में करीब दो वर्ष जेल में रहने के बाद लगभग 11 माह पहले घर लौटा था। घर आने के बाद वह पुश्तैनी जमीन बेचने का प्रयास कर रहा था, जिसे लेकर परिवार में विवाद चल रहा था। रविवार को भी इसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसके बाद वह घर से निकल गया। सोमवार सुबह गांव के बाहर धूस स्थित बगीचे में उसका शव कपड़े के सहारे पेड़ से लटका मिला।

मृतक की पत्नी इन्दू देवी ने आरोप लगाया है कि गांव के एक व्यक्ति के बहकावे में आकर उसका पति जमीन बेचना चाहता था और वही व्यक्ति उसे रविवार को घर से अपने साथ ले गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। उन्होंने हत्या की आशंका जताई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रविन्द्र कुमार राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित