भरतपुर , जनवरी 24 -- राजस्थान में धौलपुर के जिला कारागृह में नाश्ता वितरण के दौरान बंदियों के बीच हुए आपसी संघर्ष और जेल कर्मियों से मारपीट और अभद्रता करने के मामले में पुलिस ने दस से अधिक बंदियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि जेल अधीक्षक सुमन मीणा ने विभिन्न धाराओं में दर्ज कराई प्राथमिकी दर्ज कराई।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद कैदी अजीत सिंह, मलखान उर्फ मलखे, कल्याण सिंह, रामहरि, विवेक उर्फ रामलखन उर्फ विष्णु, धीरज, तपेन्द्र सिंह, विवेक, जमुड़ा उर्फ सिराउद्दीन उर्फ जमूरा, मौनू, प्रवीण उर्फ पन्नी और रोहित उर्फ छोटू को गिरफ्तार किया। ये सभी आरोपी धौलपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि धौलपुर जिला कारागृह में 20 जनवरी को नाश्ता वितरण के दौरान हुई मारपीट और झगड़े के दौरान मौके पर मौजूद जेल प्रहरी ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन अन्य बंदी भी उग्र हो गए और उन्होंने प्रहरी के साथ मारपीट की।
घटना की सूचना मिलते ही जेल अधीक्षक सुमन मीणा मौके पर पहुंचीं, जहां उनके साथ भी अभद्रता की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में वापस जेल भेज दिया गया। मामले की जांच वृत्त अधिकारी सिटी कृष्णराज जांगिड़ द्वारा की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित