गुवाहाटी , अप्रैल 05 -- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा है कि पिछले 10 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में असम ने विकास की लंबी छलांग लगाई है और जो असम कभी पिछड़ेपन, खराब संपर्क और दूर-दराज क्षेत्रों तक पहुंच की कठिनाइयों से जूझ रहा था, आज वही राज्य तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

उन्होंने रविवार को असम के कामरूप में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज यह राज्य तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि अब लक्ष्य असम को एक "विकसित राज्य" के रूप में स्थापित करना है।

श्री नड्डा ने कहा कि भाजपा इस बार राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में राज्य विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। यह चुनाव असम को विकसित राज्यों की श्रेणी में खड़ा करने का चुनाव है।

श्री नड्डा ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछली सरकारें आपसी संघर्ष और समाज को बांटने की राजनीति में लगी रहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में राज्य में विकास ठप रहा, जबकि भाजपा सरकार ने बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़े बदलाव किए हैं। श्री नड्डा ने कहा कि वर्षों से लंबित बोगीबील ब्रिज जैसे बड़े प्रोजेक्ट को पूरा किया गया, जिससे असम में संपर्क और मजबूत हुआ। उन्होंने बताया कि राज्य में दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा कैंसर नेटवर्क विकसित किया जा रहा है और कई शहरों में कैंसर अस्पताल स्थापित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि जहां भाजपा जीत की हैट्रिक बनाने जा रही है, वहीं कांग्रेस इस चुनाव में हार की हैट्रिक बनाएगी। उन्होंने जनता से अपील की कि वे विकास और स्थिरता के लिए भाजपा को समर्थन दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित