रांची , दिसम्बर 08 -- झारखंड पब्लिक सर्विस कमिशन (जेपीएससी) कार्यालय रांची के बाहर आज एक बार फिर अभ्यर्थियों का आक्रोश फूट पड़ा।
फूड सेफ्टी ऑफिसर (एफएसओ) और चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर (सीडीपीओ) परीक्षा के रिजल्ट अभी तक जारी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थी सोमवार को आयोग कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।
अभ्यर्थियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि जेपीएससी ने इन दोनों परीक्षाओं के परिणाम जारी करने में अनावश्यक देरी की है, जिससे उनके भविष्य पर सीधा असर पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने आयोग से पूछते हुए कहा कि रिजल्ट आने में इतनी देर क्यों हो रही है, जबकि परीक्षा हुए महीनों बीत चुके हैं।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने कई तख्तियां भी उठाए रखीं, जिन पर "रिजल्ट जारी करो", "हमारा भविष्य मत रोकिए", "जवाब दो जेपीएससी" जैसे नारे लिखे थे। अभ्यर्थियों ने बताया कि वे लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन आयोग की ओर से कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है।
अभ्यर्थियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर एफएसओ और सीडीपीओ रिजल्ट जल्द प्रकाशित नहीं किए गए, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। उन्होंने कहा कि वे अब शांत बैठने वाले नहीं हैं और जरूरत पड़ी तो बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
जेपीएससी कार्यालय के बाहर बढ़ती भीड़ और विरोध को देखते हुए पुलिस बल भी तैनात रहा, ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे। अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि आयोग उनकी शिकायत को गंभीरता से लेगा और जल्द ही रिजल्ट जारी करने की दिशा में कदम उठाएगा।
प्रदर्शन के अंत में अभ्यर्थियों ने कहा कि उनका यह आंदोलन सिर्फ रिजल्ट के लिए नहीं, बल्कि पारदर्शी और समयबद्ध चयन प्रक्रिया की मांग को लेकर भी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित