रांची , फरवरी 09 -- झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) कार्यालय के बाहर सोमवार को सैकड़ों अभ्यर्थियों ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन किया।

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग वर्ष 2024 की वैकेंसी में संशोधन करने और आयु सीमा में विशेष छूट देने से जुड़ी है। उनका कहना है कि वर्तमान नियमों के कारण कई योग्य उम्मीदवार प्रतियोगिता से बाहर हो रहे हैं, जो न केवल अनुचित बल्कि अन्यायपूर्ण भी है।

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थी हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाते नजर आए। अभ्यर्थियों का कहना था कि बीते कई वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाएं समय पर आयोजित नहीं हो सकीं, जिसका खामियाजा उम्मीदवारों को भुगतना पड़ रहा है। लंबे अंतराल के कारण अनेक अभ्यर्थी आयु सीमा पार कर चुके हैं और अब वे परीक्षा में शामिल होने से वंचित हो गए हैं। ऐसे में वर्ष 2024 की वैकेंसी में आयु सीमा में छूट देना बेहद जरूरी है, ताकि सभी पात्र उम्मीदवारों को समान अवसर मिल सके।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आयोग ने समय-समय पर नियमों में बदलाव तो किए हैं, लेकिन उम्मीदवारों के हित में कोई ठोस और व्यावहारिक निर्णय नहीं लिया गया। अभ्यर्थियों ने कहा कि बार-बार ज्ञापन सौंपने और अनुरोध करने के बावजूद जब उनकी बात नहीं सुनी गई, तब उन्हें सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और वे केवल अपनी जायज मांगों को आयोग और सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं।

अभ्यर्थियों के जुटान को देखते हुए जेपीएससी कार्यालय के बाहर प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए। बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात रहे। हालांकि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और किसी भी तरह की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ही सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। वहीं प्रशासन की ओर से कहा गया है कि अभ्यर्थियों की मांगों को आयोग और संबंधित विभाग तक पहुंचाया जाएगा तथा नियमों के दायरे में रहकर समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित